बरवाडीह (लातेहार)। पुलिस ने शुक्रवार को नशा का व्यापार करने वालों पर कार्रवाई करते हुए छह ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. दोनो रिस्ते में मां और बेटे हैं. पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ब्राउन शुगर, एक अपाचे मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है. पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि अपाचे मोटरसाइकिल (जेएच-19बी-0755) से बरवाडीह से ब्राउन शुगर लेकर पोखरी-कुटमू क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीरेंद्र राम के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल ने बरवाडीह-कुटमू मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान संदिग्ध अपाचे बाइक को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर बाइक चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम नेपीछा कर दोनों संदिग्धों को धर दबोचा. तलाशी के दौरान उनके पास प्लास्टिक के पाउच से छह ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलू कुमार उर्फ ऋतिक कुमार (22 वर्ष) तथा चंचला देवी के रूप में की गयी है. दोनों आपास में मां–बेटा है और बरवाडीह थाना क्षेत्र के निवासी हैं. पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छह ग्राम ब्राउन शुगर, एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा अपाचे मोटरसाइकिल जब्त किया है. इस संबंध में बरवाडीह थाना कांड संख्या 49/26 दिनांक 24/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 एवं 27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर दोनो को जेल भेज दिया गया है. इस छापेमारी अभियान में एसडीपीओ वीरेंद्र राम, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, पुलिस पदाधिकारी राजन अधिकारी, निर्भय नारायण मिश्रा, आरक्षी चंद्रशेखर तिवारी, विनय मिंज सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.