बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह और छिपादोहर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए. इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर पीएमसीएच रेफर कर दिया. हादसों के बाद संबंधित थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
रेलवे क्रॉसिंग के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर
छिपादोहर थाना क्षेत्र के रेलवे क्रॉसिंग के समीप कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए. घायलों की पहचान मेदिनीनगर के बैरिया क्षेत्र निवासी सचिन कुमार विश्वकर्मा समेत एक अन्य युवक के रूप में हुई है. इसमें सचिन की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए. सूचना मिलते ही छिपादोहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी यकीन अंसारी ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को बरवाडीह सीएचसी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सचिन कुमार विश्वकर्मा को गंभीर स्थिति में मेदिनीनगर पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. पुलिस ने कार और बाइक को जब्त कर थाना परिसर में रख लिया है.
धड़धड़ी नदी पुल के पास बाइक-लूना की भिड़ंत
दूसरी दुर्घटना बरवाडीह मुख्य मार्ग पर धड़धड़ी नदी पुल के समीप हुई. यहां बाइक और लूना की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान कमलेश उरांव, संतोष उरांव और अमित उरांव के रूप में हुई है. तीनों गारू के जैगीर से विस्थापित होकर पोलपोल में रह रहे हैं. हादसे के बाद तीनों को बरवाडीह सीएचसी लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कमलेश उरांव को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
लगातार हादसों से सड़क सुरक्षा पर सवाल
क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्गों पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने, नियमित वाहन जांच कराने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है.