बालूमाथ (लातेहार)। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के अवसर पर देश भर में शनिवार को मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस पर एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) की ओर से बालूमाथ के दो विद्यालयों में खेल प्रतियोगिता का आयोजन और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ साथ छात्र एवं छात्राओं के बीच खेल सामग्री का विवरण किया गया. बालूमाथ स्थित कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय और बसिया पंचायत के पिंडारकुम स्थित राजकीयकृत माध्यमिक विद्यालय में एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड एनएमएल की उत्तरी धाधू (पूर्वी भाग) कोयला खनन परियोजना के द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. खेल प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को एनएमएल की ओर से पुरस्कृत किया गया. एनएमएल के द्वारा इस अवसर पर खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दोनों विद्यालयों में खेल सामग्री भी वितरित की गई. उपस्थित छात्र एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) के उप महाप्रबंधक प्रतीक कुमार सिन्हा ने कहा कि इस वर्ष भारत सरकार ने राष्ट्रीय खेल दिवस का थीम खेलेगा भारत, जीतेगा भारत रखा है. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में मेजर ध्यानचंद ने हॉकी के क्षेत्र में देश का लोहा मनवाया है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से भी खेल प्रतिभाएं निकल कर राष्ट्रीय फलक पर यहां का नाम रौशन करें. मौके पर एनएमएल के एक्जिक्यूटिव आईसीडी सीएसआर ज्योतिस्मिता गोगोई, रोशनी खोब्रागडे, फील्ड स्टाफ दीनानाथ यादव, अजित उरांव, अशोक राम, संतोष उरांव, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन एवं शिक्षिकाएं, पिंडारकुम स्थित राजकीयकृत माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षक समेत छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे.