बरवाडीह (लातेहार)। पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के अंतर्गत बेतला नेशनल पार्क में पांच जंगली चीतलों के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना 27 सितंबर 2026 की बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पीटीआर के उत्तरी प्रमंडल के उपनिदेशक प्रजेश कांत जेना के नेतृत्व में वन विभाग की विशेष टीम गठित की गई. वहीं टीम में शामिल वनपाल संतोष कुमार के साथ अन्य अधिकारी एवं वनरक्षियों ने मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया. अभियान के दौरान तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में मुरू गांव निवासी संतोष सिंह (37), पिता पच्चू सिंह, सुरेंद्र राम (38), पिता जागीर राम तथा सीताराम सिंह (25), हैं. वन विभाग के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. सोमवार को तीनों आरोपियों को लातेहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. वन विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शिकार की इस घटना में कुल सात लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है. इनमें से चार अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. वन विभाग ने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कही है.