महुआडांड़ (लातेहार)। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह के माहौल में मंगलवार को महुआडांड़ से सैकड़ों श्रद्धालुओं का भव्य जत्था अयोध्या, खाटू श्याम, वैष्णो देवी, बालाजी सहित विभिन्न प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “जय श्री राम”, “जय माता दी” और “खाटू श्याम बाबा की जय” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में तीर्थ यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर भगवान से यात्रा की मंगलमय शुरुआत और सुरक्षित वापसी की प्रार्थना की। इसके बाद भक्ति गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं का जत्था वाहनों के माध्यम से तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ। स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।इस धार्मिक जत्थे में हिन्दू वाहिनी के मुकेश जायसवाल, रमेश जायसवाल, चन्दन कुमार, सीताराम प्रसाद, अनिल प्रसाद, मनोहर प्रसाद, प्रदीप जायसवाल, राजेन्द्र प्रसाद, राजेश जायसवाल, हीरालाल प्रसाद सहित सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग और महिलाओं की भी बड़ी संख्या देखने को मिली।जत्था प्रभारी मुकेश जायसवाल ने बताया कि यह यात्रा धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सभी श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे, इसके बाद खाटू श्याम धाम, वैष्णो देवी और बालाजी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, ठहरने और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। जत्थे के साथ अनुभवी लोग भी शामिल हैं जो यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और एक-दूसरे की सहायता करने का संकल्प लिया।रवाना होते समय पूरे महुआडांड़ क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया। महिलाएं भजन-कीर्तन करती नजर आईं, वहीं युवाओं ने जयकारों से माहौल को और उत्साहित बना दिया। स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित यात्रा की कामना की।