बरवाडीह (लातेहार)। छिपादोहर थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लातेहार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के अनुसार छिपादोहर थाना कांड संख्या 27/26, दिनांक 4 अगस्त 2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज प्राथमिकी के आरोपी जितेंद्र भुईयां (पिता– मदन भुईयां), निवासी ग्राम कुचिला, अकड़ाही टोला, थाना छिपादोहर को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया. जितेंद्र भुईयां पर चंदवा थाना क्षेत्र के अलौदिया ग्राम निवासी धीरज कुमार ने उसकी छोटी बहन की गला दबा कर हत्या कर देने का आरोप लगाया था. धीरज कुमार ने प्राथमिकी में बताया है कि उसकी छोटी बहन की शादी सबिता कुमारी उर्फ रानी का विवाह दो माह पूर्व ही जितेंद्र भुईयां के साथ हुई थी. तीन अगस्त को जितेंद्र के बड़े भाई ने सूचना दी कि उसकी बहन की मौत हो गयी. वे बहन की ससुराल जा कर देखा तो पाया कि उसकी बहन मृत पड़ी है. धीरज कुमार ने जितेंद्र भुईयों पर उसकी बहन की गला दबा कर हत्या कर देने का आरोप लगाया. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जितेंद्र भुइयां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. छिपादोहर थाना प्रभारी यकीन अंसारी ने बताया कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है.