alok neew
latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
झारखंडधर्ममहुआडांड़

अनाथ आश्रम के बच्चों ने पुलिस जवानों की कलाई पर बांधी राखी, सुरक्षा का लिया संकल्प

महुआडांड़ (लातेहार)। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत ग्राम रामपुर स्थित आरपीएस अनाथ आश्रम के बच्चों ने महुआडांड़ थाना परिसर में उत्साह, श्रद्धा और आत्मीयता के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया.  इस दौरान आश्रम के बच्चों ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक डोर को मजबूत किया. रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सबसे पहले पुलिस पदाधिकारियों की आरती उतारी और माथे पर तिलक लगाया. इसके बाद चरण स्पर्श कर उनकी कलाई पर राखी बांधी. राखी बांधते समय बच्चों ने “आप हमारी रक्षा करें, हम आपकी रक्षा करेंगे. दोनों मिलकर समाज और देश की रक्षा करेंगे” का संकल्प दोहराया.  बच्चों के इस भावपूर्ण अंदाज से थाना परिसर का माहौल भावुक और आत्मीय हो गया. बच्चों ने थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास, पुअनि. बंधन तिर्की, इंद्रदेव रजवार, नागेंद्र महतो, सअनि मो. शमशेर, मैघलान महतो समेत पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधी. इस दौरान आश्रम के बच्चों में अनुशासन, संस्कार और शिष्टाचार देखने को मिला.  पुलिसकर्मियों ने भी बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उन्हें स्नेह एवं आशीर्वाद दिया.

आईआरबी कैंप पहुंचकर जवानों को बांधी राखी

थाना परिसर में कार्यक्रम के बाद आरपीएस अनाथ आश्रम के बच्चे आईआरबी कैंप पहुंचे.  वहां भी बच्चों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया.  बच्चों ने जवानों के साथ मिलकर एक-दूसरे का साथ निभाने और समाज व देश की सुरक्षा में अपना योगदान देने का संकल्प लिया.  जवानों ने बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

रक्षा बंधन भाई-बहन के स्‍नेह व विश्‍वास का पर्व है: थाना प्रभारी

थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। आरपीएस अनाथ आश्रम के बच्चों द्वारा पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को राखी बांधना हमारे लिए बेहद भावुक और गौरव का क्षण है। पुलिस हमेशा समाज के हर वर्ग की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर रहती है। बच्चों के साथ इस तरह का आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं आत्मीयता को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस हर संभव सहयोग करेगी। बच्चों ने जिस भाव से जवानों की कलाई पर राखी बांधी है, वह समाज और देश की रक्षा के संकल्प को और मजबूत करता है।

कार्यक्रम में ये लोग थे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान आरपीएस के संस्थापक कमलेश यादव, वनवासी कल्याण केंद्र के जिला अध्यक्ष अजय उरांव, जिला संयोजक बालेश्वर बड़ाइक, वनवासी कल्याण केंद्र के प्रखंड प्रमुख संजय कुमार सिंह, जसवंत यादव, मुकेश यादव, सरवन यादव, सरस्वती कुमारी, पानपति देवी, जितेंद्र यादव सहित आश्रम के बच्चे एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button