WhatsApp Image 2026-05-23 at 11.18.23 AM
lps
RPD NEW NEW
latehar-tuiris
gupta veg
green vlly
alisha 4 6
carnival 1
झारखंडधर्म

अकीदत के साथ अदा की गई ईद उल अजहा की नमाज

सभी मस्जिदों में समय पर हुई नमाज, लोगों ने एक-दूसरे को दी मुबारकबाद

महुआडांड़ (लातेहार)। ईद उल अजहा (बकरीद) का पर्व महुआडांड़ में आपसी भाईचारे, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। जामा मस्जिद, गौसिया मस्जिद, मदीना मस्जिद समेत क्षेत्र की सभी मस्जिदों में निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी तथा देश-दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।त्योहार को लेकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही लोग नए कपड़े पहनकर मस्जिदों की ओर रवाना हो गए थे। जामिया नूरिया जियाउल इस्लाम (जामा मस्जिद) में इमाम मौलाना रेयाजउद्दीन साहब ने सुबह 7 बजे नमाज अदा कराई। वहीं गौसिया मस्जिद में मौलाना नौशाद आलम ने सुबह 7:30 बजे तथा मदीना मस्जिद में हाफिज खालिद साहब ने सुबह 7 बजे इमामत की।नमाज के बाद जामा मस्जिद के इमाम मौलाना रेयाजउद्दीन साहब ने कहा कि बकरीद केवल जानवर की कुर्बानी का पर्व नहीं, बल्कि अपने अंदर की बुराइयों, नफरत, ईर्ष्या और भेदभाव को खत्म करने का भी संदेश देती है। उन्होंने कहा कि हजरत इब्राहिम की कुर्बानी हमें अल्लाह की राह में सबसे प्यारी चीज भी कुर्बान करने की सीख देती है। आज के समय में सबसे बड़ी कुर्बानी अपने अंदर की बुराइयों को त्यागना और जरूरतमंदों की मदद करना है। उन्होंने लोगों से गरीबों, पड़ोसियों और जरूरतमंद भाइयों का ख्याल रखने की अपील की। नमाज और मुबारकबाद के बाद लोग कब्रिस्तान पहुंचे, जहां उन्होंने अपने मरहूमीन की कब्रों पर फातिहा पढ़कर मगफिरत की दुआ की। इस दौरान कब्रिस्तानों में भी लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। ईद उल अजहा को लेकर लोगों में कुर्बानी को लेकर भी काफी उत्साह रहा। नमाज के बाद लोग अपने-अपने घरों को लौटकर कुर्बानी की तैयारियों में जुट गए। मान्यता के अनुसार अल्लाह की राह में अपनी सबसे प्रिय चीज कुर्बान की जाती है। लोग महीनों पहले जानवर खरीदकर उसकी देखभाल करते हैं और बकरीद के दिन अल्लाह की राह में उसकी कुर्बानी देते हैं। यह सिलसिला लगातार तीन दिनों तक चलता रहेगा।बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर महुआडांड़ पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सभी मस्जिदों और प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूजा कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी संतोष बैठा, थाना प्रभारी मनोज कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को ईद उल अजहा की बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। वहीं विभिन्न अंजुमन कमेटियों के सदस्यों ने भी पुलिस प्रशासन और अधिकारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए महुआडांड़वासियों को बकरीद की मुबारकबाद दी।

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!