चंदवा (लातेहार)। जिले के चंदवा प्रखंड के चकला गांव में आजसू पार्टी के तत्ववधान में करम मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय शामिल हुए. कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू प्रखंड अध्यक्ष विवेक कुमार दुबे एवं मनोज तुरी ने किया. समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. इस अवसर पर करम व्रत करने वाली महिलाओं एवं बच्चियों के बीच लाल पाल साड़ी का वितरण किया गया. जिला अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने कहा कि करम पर्व झारखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा मजबूत होता है और नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है. आजसू प्रखंड अध्यक्ष विवेक कुमार दुबे ने कहा कि करम पर्व प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है. मनोज तुरी ने कहा कि करम पर्व झारखंड की पहचान और हमारी सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ लोगों को एकजुट करने का भी काम करते हैं. कार्यक्रम में आजसू प्रखंड अध्यक्ष बालूमाथ शंकर उरांव, जिला उपाध्यक्ष बिट्टू दास, नगर अध्यक्ष विकास गुप्ता, चकला पंचायत की मुखिया रंजिता एक्का, आजसू लातेहार प्रखंड अध्यक्ष अमर उरांव, पवन कुमार, सुमित कुमार, अमित लोहरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे.