लातेहार। बुधवार की सुबह पटना से बरकाकाना जाने वाली पलामू एक्सप्रेस (डाउन) ट्रेन की चपेट में आ जाने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. उसका दोनों पैर कट गया है. घटना बरवाडीह बरकाकाना सीआईसी सेक्शन के बरवाडीह केचकी रेलवे स्टेशन के बीच औरंगा नदी ओवरब्रिज के पास की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों महिलाएं रेलवे पुल पार कर रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही डाउन पलामू एक्सप्रेस अचानक वहां पहुंच गई. ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण महिलाएं संभल नहीं सकीं और उसकी चपेट में आ गईं. समाचार लिखे जाने तक दोनों महिलाओं की शिनाख्त नहीं हो पाई थी. स्थानीय और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है. घायल महिला को रेफर कर दिया गया है. जबकि अन्य महिला का क्षत विक्षत शव पुलिस ने बरामद कर लिया है. उसका शव ओवर ब्रिज में फंस गया था.