लातेहार। जिला मुख्यालय से सटे सरयू प्रखंड के गणेशपुर पंचायत में गुरूवार को आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया. इसका शुभारंभ उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता व उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद व अन्य अधिकारी व जन प्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. मौके पर उपायुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाएं सीधे जनता तक पहुंचे और लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
https://driver.jugnoo.in/AH5JKGMmWXb
आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम इसी सोच का परिणाम है. शिविर में ग्रामीणों को उनके द्वार पर ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने लाभुकों को योजनाओं की जानकारी लेने और अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की. इस दौरान उन्होने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का भी निर्देश दिया. मौके पर उपायुक्त व अन्य अधिकारियों के द्वारा शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया. उन्होने आम लोगों से सीधी संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. शिविर में उपायुक्त ने लाभुकों के बीच धोती-साड़ी, स्वेटर, मक्का बीज, सरसों बीज, स्कूल यूनिफॉर्म, बैग, जॉब कार्ड सहित विभिन्न परिसंपत्तियों का वितरण किया. शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, श्रम, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं. मौके पर ही जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, केसीसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जॉब कार्ड, श्रमिक पंजीयन समेत अन्य योजनाओं के आवेदन प्राप्त किए गए एवं कई मामलों का त्वरित निष्पादन भी किया गया. मौके पर डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, सरयु के प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी के अलावा अन्य जन प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद थे.