लातेहार। आलोक मोहन स्मृति सेवा आश्रम, लातेहार के द्वारा सावन के महीने में इस वर्ष भी बाबा नगरी देवघर जाने वाले कावरिंयों की सेवा के लिए शिविर लगायेगा. यह संस्था द्वारा लगाया जाने वाला 13 वां शिविर है. आश्रम के स्वयंसेवक व सेवादार 26 जुलाई को देवघर के खिजूरिया के लिए प्रस्थान करेगें. इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. संस्था के संस्थापक रामनाथ अग्रवाल व संयोजक श्याम किशोर अग्रवाल ने बताया कि रविवार की अपराह्न 12 बजे सांसद कालीचरण सिंह व विधायक प्रकाश राम समेंत अन्य अतिथि सेवादारों के जत्थे को रवाना करेगें. उन्होने इस मौके पर भाग लेने की अपील की है. बता दें कि 2014 से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर बाबा दरबार से पांच किलोमीट पहले कावरिंया पथ खिजूरिया ग्राम के पास लगाया जायेगा. श्री अग्रवाल ने बताया कि शिविर में कावंरियों के लिए कई प्रकार की सुविधायें रहती है. सुबह पांच से बजे से संस्था के स्वयंसेवक इस कार्य में लग जाते है, जो रात के 11 बजे तक चलता है. सुबह पांच बजे से पानी, चाय व अल्पाहार की व्यवस्था की जाती है. नौ बजे से 11 बजे तक रामायण व महाभारत धारावाहिक का सीधा प्रसारण किया जाता है. 11 बजे से दो बजे तक भगवती जागरण व झांकी प्रस्तुत की जाती है. दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक भंडारा का आयोजन किया जाता है. इसके अलावा कावरिंंयों के लिए मेडिकल की भी सुविधा रहती है. कहना गलत नहीं होगा कि यह सेवा शिविर न केवल श्रद्धालुओं के लिए सहूलियत प्रदान करता है, बल्कि समाज में सेवा भावना को भी बढ़ावा देता है.