लातेहार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में प्रशासन एकादश एवं नागरिक एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया. आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रशासन एवं आम नागरिकों के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग, समन्वय तथा खेल भावना को बढ़ावा देना था. मैच का शुभारंभ राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, उपायुक्त संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव द्वारा फुटबॉल को किक मारकर किया गया. इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया. मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. मैच देखने पहुंचे दर्शकों ने खिलाड़ियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरे स्टेडियम में उत्सव एवं उल्लास का माहौल बना रहा. रोमांचक एवं कांटे के मुकाबले में नागरिक एकादश ने प्रशासन एकादश को 2-1 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की. मौके पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे.