लातेहार। 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के आयोजित राज्य स्तरीय खुली चयन प्रतियोगिता में लातेहार के डे बोर्डिंग बालक-बालिका वॉलीबॉल क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है. प्रशिक्षण केंद्र के कुल नौ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय कैंप के लिए किया गया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड, रांची के तत्वावधान में 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए राज्यस्तरीय खुली चयन प्रतियोगिता का आयोजन रांची के खेलगांव, होटवार स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में किया गया था. प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. चयन प्रतियोगिता में लातेहार के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिचय देते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. चयनित खिलडि़यों में अंडर-14 बालिका वर्ग में तनुप्रिया कुजूर, अंडर-14 बालक में अनुराग कुमार, अंडर-17 बालिका वर्ग में रुचि कुमारी, अनुराधा कुमारी, रजनी कुमारी, शिल्पा कुमारी, सुहानी प्रवीण, प्रियांशी सोनी तथा अंडर-19 आयुवर्ग बालक वॉलीबॉल में विवेक कुमार का चयन किया गया है. लातेहार के नौ खिलाड़ियों के राष्ट्रीय कैंप के लिए चयन पर लातेहार जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी ने सभी चयनित खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीत पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी, उपाध्यक्ष खुशबू देवी, कोषाध्यक्ष नीरज कुमार, मीना देवी सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी खिलाड़ियों के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रशिक्षक प्रवीण मिश्रा सह सचिव, लातेहार जिला वालीबॉल एसोसिएशन एवं खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. संघ के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण का परिणाम है। राष्ट्रीय कैंप के लिए एक साथ नौ खिलाड़ियों का चयन लातेहार के लिए गौरव की बात है और इससे जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.