लातेहार। जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में शुक्रवार को आयोजित प्रमंडलीय आमंत्रण कप कबड्डी प्रतियोगिता 2026 में पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले की महिला एवं पुरुष टीमों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मनिका विधायक रामचंद्र सिंह व विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी मौजूद थीं. उन्होने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार के आयोजन को खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं. विधायक ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है. लातेेेेहार में खिलाडि़यों की कमी नहीं है. जरूरत है उन्हें एक बेहतर मंच देने की. समापन समारोह में उपायुक्त संदीप कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया. उन्होने अपने संबोधन में कहा कि दो अक्टूबर का दिन देश के लिए विशेष महत्व रखता है. इस दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है. ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर पलामू प्रमंडल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन लातेहार में होना गौरव की बात है. उपायुक्त ने आयोजन समिति एवं कबड्डी संघ के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को लातेहार में एक बेहतर मंच मिला है. उन्होने पुरस्कारों का वितरण किया. मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम प्रसाद साहू, जिला शिक्षा अधीक्षक ऋषिकेश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी व समसूल हुदा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति के अध्यक्ष सह नगर पंचायत अध्यक्ष महेश कुमार सिंह, महासचिव पंकज तिवारी एवं कोषाध्यक्ष हरिशंकर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
बालिका वर्ग में लातेहार, बालक वर्ग में गढ़वा बना विजेता
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में लातेहार की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि गढ़वा उपविजेता और पलामू की टीम तृतीय स्थान पर रही. वहीं बालक वर्ग में गढ़वा की टीम विजेता, पलामू उपविजेता तथा लातेहार की टीम तृतीय स्थान पर रही. मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार बालिका वर्ग में प्रिया (लातेहार) तथा बालक वर्ग में विशाल कुमार (पलामू) ने हासिल किया. लातेहार जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष विनोद उरांव, सचिव अशफाक अहमद (मुन्ना), कोषाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष आफताब आलम, समसूल हुदा, नरेंद्र कुमार पांडेय, प्रमोद कुमार सहित संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया.
राष्ट्रीय स्तर के रेफरियों ने भाग लिया
प्रतियोगिता में बाहर से आए राष्ट्रीय स्तर के रेफरी दीपक तिवारी, रमाशंकर सिंह, श्वेता कुमारी, जयकुमार एवं राहुल शर्मा ने मैचों का संचालन किया. वहीं ऑफिशियल के रूप में पवन कुमार, नसीम अंसारी, अनूप कुमार, उदय कुमार, नरेंद्र कुमार पांडेय,रामदेव सिंह, राकेश कुमार दुबे (बबलू) महिपाल सिंह, दशरथ सिंह, मनीष कुमार सिंह, विनोद उरांव, मनीष कुमार, आसिंद तिर्की, आनंद कुमार, रवि भूषण, राजे, मनोज कुमार, प्रमोद कुमार सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.