लातेहार। शनिवार को विकास भारती, बिशुनपुर के तत्वावधान में युवा महोत्सव- 2026 के तहत सिंगबोंगा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. जिले के नेतरहाट से चिंगरी तक आयोजित 30 किलोमीटर की इस लंबी दूरी की दौड़ में बालक वर्ग के 425 और बालिका वर्ग की 231 प्रतिभागियों सहित कुल 656 युवा धावकों भाग लिया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. गौतम सूत्रधार, जिला परिषद अध्यक्ष, लातेहार पूनम सिंह, नेतरहाट प्राचार्य संतोष पाठक, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव, प्रवीण सिंह, आजादशत्रु, डॉ. बृजेश पाण्डेय, महेंद्र भगत, भिखारी भगत, अजय प्रसाद एवं धनंजय कुमार आदि ने हरी झंडी दिखा कर मैराथन को रवाना किया. मौके पर जिप अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिकता विकसित करने का सशक्त माध्यम है. विशेष रूप से ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के युवाओं को ऐसे आयोजनों से अपनी प्रतिभा को बड़े मंच तक ले जाने का अवसर मिलता है. प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अभिनय उरांव ( सिसई, गुमला) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. जबकि अनुराय उरांव (बिशुनपुर, गुमला) ने दूसरा और अमर उरांव सिसई, गुमला) ने तीसरा पुरस्कार जीता. बालिका वर्ग में देवंती कुमारी (बिशुनपुर, गुमला) ने प्रथम स्थान हासिल किया. रवीना कुमारी ( बिशुनपुर, गुमला) ने द्वितीय तथा रूपा कुमारी, (बिशुनपुर, गुमला) ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया. सिंगबोंगा मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे पद्मश्री अशोक भगत के उस विचार से जोड़ा गया कि गांव और समाज की वास्तविक शक्ति उसके युवा, श्रम, स्वावलंबन और सामुदायिक चेतना में निहित है. कार्यक्रम मे धन्यवाद ज्ञापन महेंद्र भगत ने किया. उन्होने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया. हिंडालको के सराहनीय सहयोग की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों को सफल बनाने में संस्थाओं और सहयोगी संगठनों की सकारात्मक भूमिका महत्वपूर्ण होती है. कार्यक्रम का आयोजन और मंच संचालन धनंजय कश्यप ने किया.