लातेहार। जिला स्टेडियम स्थित वॉलीबॉल खेल मैदान अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी संजय कुमार ने डे- बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यासरत बालक और बालिका खिलाड़ियों को वॉलीबॉल के बदले हुए अंतरराष्ट्रीय नियमों की विस्तृत जानकारी दी. प्रशिक्षण सत्र के दौरान रेफरी संजय कुमार ने खेल के तकनीकी पहलुओं और हाल के वर्षों में वॉलीबॉल में हुए महत्वपूर्ण बदलावों पर प्रकाश डाला. उन्होंने खिलाड़ियों को अत्यंत सरल भाषा में समझाया कि इन नए नियमों को खेल के दौरान कैसे लागू करना है, ताकि मैदान पर खिलाड़ियों को किसी प्रकार की उलझन का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि नियमों की सटीक जानकारी ही एक खिलाड़ी के प्रदर्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने में सहायक होती है. लातेहार जिला वॉलीबॉल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेफरी का मार्गदर्शन मिलना हमारे जिले के लिए गौरव की बात है.संघ के सचिव सह प्रशिक्षक प्रवीण मिश्रा ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों को हमेशा आधुनिक तकनीक और नियमों के प्रति जागरूक रखने का प्रयास किया जाता है. संजय कुमार जी द्वारा दी गई जानकारी से हमारे खिलाड़ियों को आने वाली प्रतियोगिताओं में निश्चित रूप से लाभ मिलेगा. कार्यक्रम में संघ के कोषाध्यक्ष नीरज कुमार सहित डे बोर्डिंग केंद्र के बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका खिलाड़ी उपस्थित थे.