बालूमाथ (लातेहार। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार अंतर्गत दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड के द्वारा आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा में अशफाक मुजाहिद ने सफलता हासिल की है. हाल ही में डीएसएसएसबी द्वारा संपन्न स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक चयन परीक्षा में बालूमाथ के ग़ालिब कॉलोनी निवासी मो मुजाहिद के पुत्र अशफाक मुजाहिद ने सफलता हासिल कर अपने परिवार समेत बालूमाथ का नाम रोशन किया है. अशफाक ने मंगलवार को अपना योगदान भी दे दिया है. अशफाक पूर्व में बिहार सरकार के अधीन पीजीटी शिक्षक के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे. 2023 में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में अशफाक मुजाहिद ने टीजीटी एवं पीजीटी दोनों परीक्षाओं में सफलता हासिल की थी. अशफाक अपने इस सफलता पर बेहद खुश हैं. उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों के साथ-साथ अपनी कड़ी मेहनत को दिया है. अशफाक का कहना है, कि शिक्षण कार्यों में शुरू से ही मेरी रुचि रही है. समाज में बदलाव का माध्यम वर्तमान समय में शिक्षा ही है. समाज के लिए शिक्षा के माध्यम से बहुत कुछ किया जा सकता है. अशफाक की शुरुआती पढ़ाई बालूमाथ हाई स्कूल से हुई है. स्नातक की डिग्री उर्दू ऑनर्स में नीलांबर पीतांबर यूनिवर्सिटी मेदिनीनगर से हासिल किया है. देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय में से एक अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी अलीगढ़ से स्नातकोत्तर उर्दू ऑनर्स के रूप में इन्होंने किया है. वर्ष 2020 में यूजीसी द्वारा आयोजित जूनियर रिसर्च फैलोशिप के तहत इनका चयन हो चुका है. इसके अतिरिक्त इन्होंने बीएड का प्रशिक्षण भी हासिल किया है. बालूमाथ के युवाओं द्वारा मदरसा परिसर में संचालित मौलाना आजाद लाइब्रेरी से भी शुरुआती दौर से इनका जुड़ाव था. अशफाक की इस सफलता पर विधायक प्रतिनिधि अनवर अंसारी, पत्रकार जावेद अख्तर, युवा समाजसेवी मुजम्मिल हुसैन, हाजी तौकीर अहमद, हाजी जैनुल आबेदीन, मो इमरान, हाफिज अबु तल्हा, समेत अनेक सामाजिक, राजनीतिक एवं गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है.