महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड के जिला परिषद डाकबंगला में सोमवार नौ मार्च को महुआडांड़ नारी जागृति संघ के बैनर तले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ की अध्यक्ष अजिता तिग्गा ने की। कार्यक्रम में महिला जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थाओं की ओर से संगोष्ठी, नाटक मंचन तथा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नारी जागृति संघ की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों को तौलिया ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज भी महिलाओं के सामने कई तरह की चुनौतियां मौजूद हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए महिलाओं को एकजुट होकर सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ना होगा। एकता और सामूहिक शक्ति के बल पर महिलाएं हर चुनौती को पार कर सकती हैं। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य इग्नेशिया केरकेट्टा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला, स्त्री, नारी या औरत — नाम चाहे जो भी हो, मां, बहन, बेटी या पत्नी के रूप में हर महिला सम्मान की हकदार है। उन्होंने कहा कि महिलाएं चाहे शिक्षक, वकील, डॉक्टर, पत्रकार, सैनिक, सरकारी कर्मी या इंजीनियर जैसे किसी भी पेशे में हों या गृहिणी के रूप में परिवार का दायित्व निभा रही हों, उन्हें समान अधिकार मिलना चाहिए।महिलाओं ने “मांगे से ना मिले अधिकार, सजग हो जाओ बहनों” गीत की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम से पूर्व महिलाओं ने जिला परिषद डाकबंगला से शास्त्री चौक, बस स्टैंड होते हुए रामपुर चौक और बिरसा चौक तक जागरूकता रैली निकाली। बिरसा चौक पर माल्यार्पण करने के बाद रैली पुनः डाकबंगला पहुंचकर समाप्त हुई। यह जुलूस नारी जागृति संघ महुआडांड़ के नेतृत्व में निकाला गया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य एस्टेला नगेशिया, प्रमुख कंचन कुजूर, आई केयर की डॉ. संजू कुमारी, नारी जागृति संघ की सचिव ग्रेस तिग्गा, कोषाध्यक्ष निर्मला टोप्पो, सदस्य फ्रीदा कुजूर, कांता एक्का , राधिका प्रसाद,सहित आंगनबाड़ी सेविका, जल सहिया और विभिन्न गांवों से आई बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।