
लातेहार। जिला मुख्यालय समेंत सभी प्रखंडों में शुक्रवार को भगवान श्री कृष्ण का जन्म उत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूमधाम से मनाया गया. अहले सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गयी और शुक्रवार की अर्द्धरात्रि विभिन्न मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष गुंजायमान हो गया. इस अवसर पर शहर के कई मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.
शहर के बीचोबीच स्थित राधाकृष्ण मंदिर (ठाकुरबाड़ी) में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर साज- सज्जा की गयी थी. यहां भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी. यहां अशोक कुमार महलका, भुनेश्वर प्रसाद साहू, निर्मल महलका व दिनेश महलका के अलावा श्याममूर्ति प्रसाद, अश्विनी सिंह, गजेंद्र प्रसाद त अन्य श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन किया.
रात के 12 बजे जय कन्हईया लाल की, मदन गोपाल की जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया. इसके अलावा शहर के श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर में भी माता को भोग लगा कर प्रसाद का वितरण किया गया. थाना चौक स्थित महावीर मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गयी. मंदिर के पुजारी पंडित त्रिभुवन पांडेय के सानिध्य में रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया और प्रसाद का वितरण किया गया. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के पालने को झूलाया.
रेलवे स्टेशन क्षेत्र के बाजार स्थित सोमेश्वर शिव मंदिर में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव बनाया गया. इसके अलावा अन्य मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूजा अर्चना की गयी. कई लोगों ने अपने आवासीय परिसरो में भी धुमधाम से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव मनाया और भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग का प्रसाद अपर्ण किया.

लोेगों ने अपने घर व प्रतिष्ठानों में भी अपने बच्चों को बाल कृष्ण के रूप में सजाया. जन्माष्टमी को लेकर शहर के चौक चौराहों में श्रीकृष्ण के गीत बज रहे थे. श्रद्धालुओं ने दिन भर उपवास रख हर श्रीजन्माष्टमी के मौके पर पूजा अर्चना की एवं सुख शांति की कामना की.





