लातेहार। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने बताया कि स्व शिबू सोरेन की स्मृति में चंदवा में डे-नाईट कैनवास बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जायेगा. श्री शाहदेव बुधवार को चंदवा स्थित पथ निर्माण विभाग सभागार में एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 24 मई को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा और यह टूर्नामेंट लगातार 11 दिनों तक चलेगा.प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. शाहदेव ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि दिशुम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड आंदोलन के दौरान समाज के हर वर्ग के अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष किया था. उनकी स्मृति में आयोजित यह खेल प्रतियोगिता युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य करेगी. उन्होंने आगे कहा कि खेल आपसी भाईचारे, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देता है तथा युवाओं को नशे और गलत रास्तों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाता है. मौके पर अश्विनी मिश्रा, मनीष कुमार, अंकित कुमार, सौरभ श्रीवास्तव, दारा सिंह, रिंकू कुमार, पवन कुमार और आलोक कुमार समेत दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.