लातेहार
विधायक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की, आभार प्रकट किया

लातेहार। स्थानीय विधायक प्रकाश राम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया. विधायक ने बालूमाथ प्रखंड में डिग्री महाविद्यालय की स्वीकृति तथा स्थापना हेतु 38 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने पर लातेहार की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया. इस दौरान विधायक ने प्रखंड बालूमाथ में परियोजना इंदिरा गांधी मेमोरियल बालिका उच्च विद्यालय को +2 बालिका उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने, लातेहार जिला मुख्यालय में डिग्री महाविद्यालय तथा महिला डिग्री महाविद्यालय में पठन पाठन सुनिश्चित कराने, झारखंड के जिलों के कार्यों (निविदा) को जिले के ही संवेदकों को कार्य आवंटित करने, बारियातु प्रखंड में महिला डिग्री महाविद्यालय के अधिष्ठापन करने, तेतरियाखाड़ कोलियरी के कोयले में लगी आग से बढ़ते प्रदूषण, दुर्घटना एवं सरकार को हो रहे करोड़ों के राजस्व के नुकसान को रोकने की मांग की. विधायक ने कहा कि लातेहार विधानसभा के विभिन्न सड़कों का डीपीआर 2019 में ही बन कर तैयार है, लेकिन अभी तक उसे मूर्तरूप नहीं दिया गया है. उन्होंने उन योजनाओं को प्रारम्भ करने के संबंध में एक मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा.




