लातेहार। बेतला नेशनल पार्क क्षेत्र से सटे सरईडीह स्थित शिव मंदिर का त्रिदिवसीय स्थापना दिवस समारोह सह वार्षिकोत्सव 20 जून से 22 जून तक श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि 20 जून को भव्य जलयात्रा एवं कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ किए जाएंगे। 21 जून को विधिवत पूजा-अर्चना, शिव परिक्रमा तथा दिनभर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन 22 जून को सुबह हवन-पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम से भव्य भक्ति जागरण का कार्यक्रम होगा, जिसमें स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकार भगवान शिव की महिमा से जुड़े भजन प्रस्तुत करेंगे। भक्ति जागरण के साथ ही तीन दिवसीय समारोह का समापन होगा।मंदिर समिति के अनुसार इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।