बालूमाथ (लातेहार)। प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर इन दिनों बेतरतीब तरीके से बाइक खड़े किए जाने के कारण पार्किंग स्थल में तब्दील होता नजर आ रहा है. अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए बने परिसर में बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल, कार व ऑटो जैसे व्यावसायिक वाहनों के खड़े रहने से आने-जाने में परेशानी हो रही है. सबसे गंभीर स्थिति उस समय उत्पन्न होती है, जब किसी गंभीर मरीज को लेकर अचानक एंबुलेंस अस्पताल पहुंचती है. परिसर में वाहनों की अधिकता के कारण एंबुलेंस को अस्पताल के प्रवेश द्वार तक पहुंचने और खड़ा करने में परेशानी होती है. इससे इमरजेंसी मरीज को समय पर उपचार मिलने में भी बाधा उत्पन्न होने की आशंका है. यह स्थिति तब की है जब इन व्यवस्थाओं के लिए गार्ड की तैनाती अस्पताल परिसर में है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर वाहनों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि मरीजों और एंबुलेंस के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो. लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से परिसर में अनधिकृत एवं बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने तथा मोटरसाइकिलों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. अस्पताल परिसर में आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस के लिए रास्ता और पार्किंग स्थल हमेशा खाली रखना बेहद जरूरी है.