alok neew
latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
झारखंडबरवाडीहलातेहार

लैंपस भवन निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल, भाकपा माले ने संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग

बरवाडीह (लातेहार)। प्रखंड के हुकामाड़ पंचायत अंतर्गत हुकामाड़ गांव में नव निर्मित लैंपस भवन के निर्माण कार्य को लेकर भाकपा माले ने गंभीर सवाल उठाए हैं. पार्टी के लातेहार जिला सचिव बिरजू राम ने मंगलवार को प्रेस बयान जारी कर निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताते हुए संबंधित संवेदक के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है. बिरजू राम ने आरोप लगाया कि लैंपस भवन निर्माण की शुरुआत से ही गुणवत्ता और पारदर्शिता को दरकिनार किया जा रहा है. निर्माण स्थल पर अब तक योजना से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है. इससे ग्रामीणों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि भवन का निर्माण किस योजना के तहत हो रहा है और इसकी स्वीकृत राशि कितनी है. उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में सूचना बोर्ड लगाया जाना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को योजना की लागत, विभाग, संवेदक सहित अन्य आवश्यक जानकारी मिल सके. उन्होंने आरोप लगाया कि भवन के निर्माण में मानक के अनुरूप निर्माण सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है. पिलिंथ निर्माण में कथित तौर पर घटिया किस्म की सरिया का इस्तेमाल किया गया है. वहीं भवन निर्माण में इस्तेमाल की जा रही ईंटों की गुणवत्ता भी खराब बताई गई है. उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान ही कई ईंटें टूटकर टुकड़ों में बंट गई हैं, जिससे भवन की मजबूती और भविष्य में इसकी टिकाऊ क्षमता पर सवाल खड़ा हो गया है. भाकपा माले जिला सचिव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बनने वाली सरकारी परिसंपत्तियां आम लोगों के हित के लिए होती हैं. ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का इस्तेमाल सरकारी राशि की बर्बादी के साथ ग्रामीणों के साथ भी अन्याय है. उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण स्थल का तत्काल निरीक्षण कर सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने तथा मानक के विपरीत पाए जाने पर जिम्मेवार संवेदक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई और योजना से संबंधित जानकारी को सार्वजनिक करने के बजाय पारदर्शिता छिपाने का प्रयास जारी रहा, तो भाकपा माले सैकड़ों ग्रामीणों के साथ निर्माण कार्य को रोकने के लिए आंदोलन करने को बाध्य होगी. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी दूरभाष के माध्यम से विधायक रामचंद्र सिंह को भी दे दी गई है. बिरजू राम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन के आला अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जांच में यदि अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की पुष्टि होती है तो संवेदक पर कार्रवाई के साथ-साथ मानक के अनुरूप निर्माण कार्य दोबारा कराया जाना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों के हित से जुड़े इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

Mayank Wishwkarma

संवाददाता, शुभम संवाद, बरवाडीह (लातेहार)

Mayank Wishwkarma

संवाददाता, शुभम संवाद, बरवाडीह (लातेहार)

Related Articles

Back to top button