लातेहार। श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर, लातेहार में शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दशहरा पर्व में मंदिर की सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था में तैनात राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित एएसआई एसके राय उर्फ सुनील थापा को मंदिर समिति की ओर से सम्मानित किया गया. समिति के सदस्यों ने उन्हें माता की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर मंदिर समिति के संरक्षक अभिनंदन प्रसाद एवं विनोद कुमार साहू, अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष शशि भूषण पांडेय व कन्हाई प्रसाद अग्रवाल, सचिव आशीष टैगोर ने संयुक्त रूप से चुनरी भेंट किया. सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित एएसआई एसके राय उर्फ सुनील थापा का सम्मान करना हम सभी के लिए गौरव की बात है. नवरात्र और दशहरा जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. ऐसे कर्मठ एवं सम्मानित पुलिस पदाधिकारी का मंदिर समिति की ओर से सम्मान करना हमारे लिए भी गौरव का विषय है. बता दें कि श्री राय को वर्ष 2021 में उनकी कर्तव्य निष्ठा के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें सम्मानित किया था. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी एएसआई एसके राय के सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके कार्यों की सराहना की. समारोह का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण रहा. सम्मानित होने के बाद एएसआई एसके राय उर्फ सुनील थापा ने मंदिर समिति के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद गौरव और सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है. श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर समिति द्वारा जिस आत्मीयता के साथ उन्हें सम्मानित किया गया, उसके लिए वे समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि लातेहार में दुर्गा पूजा एवं दशहरा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जा रहा है. उन्होंने नगर वासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी.