लातेहार। नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन व नगर पंचायत के वार्ड पार्षदों ने पिछले 22 अप्रैल 2026 को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में लिए गये निर्णयो का अनुपालन नहीं नहीं होने पर नाराजगी प्रकट की है. इस संबंध में उन्होने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, लातेहार को एक पत्र प्रेषित किया है. बैठक में नगर वासियों को नागरीय सुविधा उपलब्ध कराने, संभावित दुर्घटनाओं सेे बचाव करने एवं नगर का विकास करने का निर्णय लिया गया था. लेकिन यह खेदजनक है कि बोर्ड की बैठक में लिए गये अधिकांश निर्णय का अनुपालन नहीं हो पाया है. नगर पंचायत के अधिकारी व कर्मचारियों की लापरवाहियों के कारण बोर्ड के निर्णय का अनुपालन नहीं हो सका, यह एक गंभीर विषय है. इसके अलावा नगर पंचायत उपाध्यक्ष व वार्ड पार्षदों ने होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस व भवन नक्शा के नाम पर कुछ कर्मियों के द्वारा लोगों को परेशान करने, दवाब बनाने एवं धमकी देने का आरोप लगाया है. कई जगहों पर तो अभद्र व्यवहार तक की गयी है. उन्होने अपने पत्र में इन आरोपों की जांच कराने एवं दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है. उन्होने बताया कि टैक्स वसूली के लिए काउंटर पिछले एक अगस्त से बंद है और ऑनलाइन टैक्स जमा करने के लिए पोर्टल/वेबसाईट ठीक से काम नहीं कर रहा है. कार्यालय में राजस्व संग्रह करने वाले कर्मचारी भी नदारद हैं. ऐसे में समय टैक्स भुगतान संभव नहीं है, बावजूद इसके लोगों को दोषी ठहरा कर डराया धमकाया और अपमानित किया जा रहा है, यह कहीं से उचित नहीं है.