लातेहार। रांची के एक निजी अस्पताल में दो दिन पूर्व लातेहार जिले के चंदवा क्षेत्र से इलाज कराने पहुंचे एक मरीज के परिजनों के साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार की घटना को झामुमो जिला प्रवक्ता लातेहार सुशील कुमार यादव ने बेहद निंदनीय और चिंताजनक बताया है. उन्होंने राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. श्री यादव ने कहा कि लातेहार जैसे सुदूरवर्ती जिले और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर रांची के निजी अस्पतालों का रुख करते हैं। सड़क दुर्घटना में घायल मरीज को जब परिजन गंभीर स्थिति में इलाज के लिए रांची लेकर पहुंचते हैं, तो उस समय उनका मुख्य उद्देश्य अपने मरीज की जान बचाना होता है.ऐसे समय में अस्पताल प्रबंधन एवं कर्मचारियों से संवेदनशील और मानवीय व्यवहार की अपेक्षा की जाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित मामले में मरीज के परिजनों को शुरुआत में ऑपरेशन एवं इलाज से संबंधित खर्च की जानकारी दी गई और इसके बाद मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन भर्ती होने के बाद कथित रूप से इलाज के खर्च में बढ़ोतरी होती गई और परिजनों के सामने लाखों रुपये का बिल प्रस्तुत किए जाने लगा. आर्थिक रूप से कमजोर परिवार द्वारा अपनी असमर्थता जाहिर करने तथा मरीज को किसी सरकारी अस्पताल में ले जाने की बात कहने पर कथित तौर पर अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया. श्री यादव ने कहा कि यदि किसी परिवार के पास इलाज का खर्च वहन करने की क्षमता नहीं है, तो उसके साथ अभद्र भाषा, धमकी या मारपीट किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती. यह सबसे गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है. इस घटना की जांच कराने की मांग की है और कहा कि झामुमो इस प्रकार का कोई भी घटना को बर्दास्त नहीं करेगी.