बालूमाथ (लातेहार): बालूमाथ में कोलियरियों से निकलने वाले ट्रक और हाइवा वाहनों की लगातार आवाजाही से उड़ रहे धूलकण, सड़क जाम और दुर्घटनाओं की समस्या को लेकर बालूमाथ के व्यवसायियों एवं आमजनों का चरणबद्ध आंदोलन जारी है. पिछले चरण में शुक्रवार को व्यवसायियों के द्वारा सांकेतिक बाजार बंद कर विरोध जताने के बाद गुरुवार को तीसरे चरण में अनिश्चितकालीन चक्का जाम कर दिया. जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग 22 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. व्यवसायियों का कहना है, कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर उड़ने वाली धूल दुकानों में रखे सामान पर जम रही है, जिससे व्यापारियों को परेशानी हो रही है. उनका दावा है कि धूल के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर बार बार लगने वाले जाम से आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. इससे पहले ग्रामीणों और दुकानदारों ने टमटमटोला से प्रखंड कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला था. इसके बाद अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई थी. व्यवसायियों के अनुसार, मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है. सोमवार को उपायुक्त लातेहार के द्वारा गठित समिति ने कंपनी प्रतिनिधियों और बालूमाथ वासियों के साथ बैठक कर राय जानी थी. अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बालूमाथ वासियों ने कोयला परिवहन के लिए बायपास सड़क निर्माण व बाईपास निर्माण होने तक सुबह 6 बजे से रात आठ बजे तक भारी वाहनों का नो इंट्री लागू करने की अपनी मांग को दोहराया था. अन्यथा बाध्य होकर 24 जुलाई से अनिश्चितकालीन चक्का जाम किए जाने की बात कही थी. इस समस्या के निदान के लिए अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार ने उच्चाधिकारियों से बात कर निर्णय लिए जाने की बात कही थी. घोषणा के अनुरूप बालूमाथ वासियों ने सुबह आठ बजे से शहीद चौक जाम कर दिया. बालूमाथ अंचल अधिकारी बालेश्वर राम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह व थाना प्रभारी अनुभव सिंहा जमाकर्ताओं के साथ वार्ता के लिए पहुंचे. अधिकारियों ने बैठक कर चार से छह घंटे की नो इंट्री लागू किए जाने पर सहमति बनाने की बात कही. जिसपर जमाकर्ता सहमत नहीं हुए. बालूमाथ वासी कम से कम सुबह आठ बजे से रात आठ बजे की मांग पर अड़े हुए हैं. समाचार प्रेषण तक पिछले दस घंटे से सड़क जाम जारी है.
================== जिला परिषद उपाध्यक्ष सह बालूमाथ पश्चिमी जिला परिषद सदस्य अनीता देवी ने जामस्थल पर पहुंच कर बालूमाथ वासियों की मांग के प्रति अपना समर्थन व सहयोग का आश्वासन दिया है. ट्रक ऑनर एसोसिएशन, बालूमाथ मंडल भाजपा, आजसू पार्टी, एआईएमआईएम, झारखंड मज़दूर कामगार यूनियन ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया है.