लातेहार। जिले के हेरहंज प्रखंड के ब्रहमोरिया ग्राम में गुरुवार को पारंपरिक करम जतरा मेला का भव्य आयोजन किया गया. मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के बाद उन्होंने क्षेत्रवासियों को करम पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि करम पर्व झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि जतरा मेला ग्रामीणों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है. करम जतरा के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला. पारंपरिक वेशभूषा में लोग मेला स्थल पर पहुंचे और करम पर्व की परंपराओं के साथ सामूहिक रूप से उत्सव मनाया. इस दौरान पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया. बच्चों और युवाओं में भी मेले को लेकर खासा उत्साह देखा गया. आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से मेला स्थल गुलजार रहा. मौके पर हेरहंज अंचलाधिकारी दिवाकर दुबे, जिला परिषद सदस्य चंचला देवी, उपप्रमुख विजय उरांव, रामबृक्ष गंझू, सुदामा प्रसाद, अंकित पाण्डेय, रंजीत कुमार, लाडले खान समेत हजारों की संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद थे. आयोजन के दौरान लोगों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया.