
लातेहार। भारत सरकार द्वारा पारित खनिज विधेयक को वापस लेने की मांग को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिलाध्यक्ष रामप्रवेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में खनिज विधेयक को निरस्त करने की मांग की गई. राजद जिलाध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने कहा कि खनिज संपदा से राज्य के हिस्से को समाप्त किए जाने से झारखंड को राजस्व का बड़ा नुकसान होगा.झारखंड गरीब और आदिवासी बहुल राज्य है और खनिज से प्राप्त राजस्व का उपयोग जनहित तथा गरीबी उन्मूलन से जुड़े कार्यों में किया जाता है. ऐसे में राजस्व में कमी का सीधा असर विकास कार्यों पर पड़ेगा. राजद प्रदेश सचिव रंजीत यादव ने कहा कि झारखंड जैसे खनिज संपदा वाले राज्य के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए. उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक पर पुनर्विचार करते हुए इसे वापस लेने की मांग की. जिला उपाध्यक्ष भोला सिंह ने कहा कि खनिज संसाधनों से मिलने वाला राजस्व आम लोगों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. विधेयक से राज्य के हित प्रभावित होने की आशंका है, इसलिए इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए. प्रदर्शन में प्रधान महासचिव मोहर सिंह यादव, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष देववंश यादव, वरिष्ठ नेता बली यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राजू रंजन प्रसाद, युवा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बलराम साहू, मदन यादव, रविंद्र सोनी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राज नारायण गिरी, महिला जिलाध्यक्ष निर्मला देवी, मनिका प्रखंड अध्यक्ष दामोदर यादव, बरवाडीह प्रखंड अध्यक्ष आदित्य कुमार, हेरहंज प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र यादव, मुन्ना खान, चंदवा प्रखंड अध्यक्ष राशिद खान, जिला सचिव संतोष यादव, बालूमाथ युवा प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद इमरान सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे.



