बालूमाथ (लातेहार)। प्रखंड मुख्यालय स्थित पांकी रोड में लंबे समय से जलजमाव के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया था. गड्ढे में पानी जमा रहने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का अंदाजा नहीं हो पाता था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी. राहगीरों को भी आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. समस्या को देखते हुए बालूमाथ के समाजसेवी मो शाहबाज ने पहल करते हुए अपने निजी कोष से जेसीबी मशीन के माध्यम से उक्त गड्ढे की मरम्मत कराई. सड़क के गड्ढे को भरकर आवागमन को सुचारु किया गया. गड्ढा भर जाने के बाद पांकी रोड से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों एवं अन्य राहगीरों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों ने समाजसेवी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे दुर्घटना की आशंका कम होगी और आवागमन में सुविधा होगी. मौके पर मो शाहनवाज, मो जमील, मो आदिल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे.