बालूमाथ (लातेहार)। बालूमाथ के अंचल अधिकारी बालेश्वर राम के द्वारा बालूमाथ थाना में आवेदन देकर तीन व्यक्तियों पर रंगदारी मांगने, जानमाल को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने, ब्लैकमेल करने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया है. थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन मे उन्होने बताया है कि राजेंद्र साव (चावल्र) पिता स्व. रघु साव, विनोद कुमार तथा अमोद कुमार दोनों के पिता राजेंद्र साव, तेली टोला, थाना बालूमाथ के द्वारा बार बार जान से मारने की धमकी दी जा रही है और जानमाल की क्षति पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. आवेदन में कहा गया है कि रामनवमी 2026 के दौरान बालूमाथ के तीन अखाड़ों में विधि व्यवस्था भंग करने एवं डीजे बजाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. उसी समय से उपरोक्त लोगों द्वारा धमकी दी जा रही है. आवेदन के मुताबिक, राजेंद्र साव उर्फ चावल के द्वारा अंचल कार्यालय में आकर गलत जमाबंदी कराने के लिए कहा गया था. इन लोगों द्वारा फर्जी कागजात तैयार कर फर्जी पट्टा एवं वंशावली के आधार पर गलत जमाबंदी कराने का प्रयास किया जा रहा था. इस संबंध में बालूमाथ थाना प्रभारी ने बताया कि अंचल अधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. जांच कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जायेगी. वहीं दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है.