लातेहार। जिला नियोजन कार्यालय, लातेहार के द्वारा दंत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला 2025 का आयोजन जिला खेल स्टेडियम, लातेहार परिसर में किया गया. मौके पर बतौर मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद तथा बतौर विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि (लातेहार) अनिल कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि (मनिका) हरिशंकर यादव मौजूद थे. उन्होने दीप प्रज्ज्वलित कर मेला का उदघाटन किया. अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया.
Advertisement
संबोधति करते हुए जिप अध्यक्ष श्रीमती देवी ने कहा कि जिला नियोजन पदाधिकारी ने अथक मेहनत से विभिन्न राज्यों कम्पनियों को यहां बुलाया है. इसका लाभ अभ्यर्थी जरूर लें. कहा कि यह जरूरी नहीं कि सभी लोग सरकारी नौकरी ही करें. उप विकास आयुक्त श्री अहमद ने कहा कि लातेहार जिला में पाॅच राज्यों से नियोजक आये हैं. जिला नियोजन का यह प्रयास सराहनीय है. हालांकि रिक्त पदों के विरूद्ध बहुत ही कम अभ्यर्थी यहां मौजूद है. जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने जिला नियोजनालय द्वारा दी जाने वाली सुवधाओं से अवगत कराया. उन्होने युवक व युवतियों से जिला नियोजनालय में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की.
Advertisement
इस रोजगार मेला में 27 नियोजकों ने भाग लिया और कुल 4156 रिक्तियां प्राप्त हुई. लगभग एक हजार अभ्यर्थियों ने मेला में भाग लिया. 155 युवक व युवतियों का चयन किया गया. जबकि 185 युवक व युवतियों को अगले चरण के लिए सूचीबद्ध किया गया है. इस भर्ती कैंप में जिला नियोजनालय के सुभाष कुमार, लक्ष्मी कान्त तिवारी एवं प्रवीण भास्कर आदि मौजूद थे.