लातेहार। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने जिला अनाबद्ध निधि मद से संचालित योजनाओं की समीक्षा की. समाहरणालय के सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने योजनाओं को समय पर पूरा करने एवं लंबित योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में डीएमएफटी प्रभारी पदाधिकारी समीर कुल्लू ने उपायुक्त को जिला अनाबद्ध निधि से संचालित विकास योजनाओं के वर्तमान स्थिति, स्वीकृत व व्यय राशि का विवरण एवं भौतिक प्रगति की जानकारी दी. उपायुक्त ने संबंधित कार्यपालक अभियंता योजनाओं की प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने विशेष रूप से जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने और स्थल निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिला अनाबद्ध निधि का उद्देश्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित विकास कार्यों को गति देना है. बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार के अलावा संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता आदि मौजूद थे.