


लातेहार। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने के उद्देश्य गाइडलाइन जारी किया गया है. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने त्योहार की खुशियों को बनाए रखते हुए कानून व्यवस्था का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था से बचने की अपील की है. उन्होने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है. सभी लोग दिशा-निर्देशों का पालन करें. किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें. प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क करें. उन्होंने अपील करते हुए कहा कि होलिका दहन केवल खुले एवं निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए. आग बुझाने के लिए पास में पानी के ड्रम या रेत की व्यवस्था रखना अनिवार्य है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नियंत्रण पाया जा सके. होली खेलने के दौरान ऑर्गेनिक या हर्बल रंगों के उपयोग की सलाह दी, जिससे त्वचा और स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव न पड़े. 


