बरवाडीह (लातेहार)। सोमवार को दिनदहाड़े हुई लूट और फायरिंग की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है. हथियारबंद अपराधियों ने एक दंपति पर फायरिंग कर उनसे नगद तीन लाख रूपये और लैपटॉप लूट कर फरार हो गये. इस घटना में महिला को दो गोलियां लगी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बरवाडीह के मस्जिद मोहल्ला निवासी मो इस्राफील अंसारी (52) अपनी पत्नी शमा परवीन (42) के साथ सोमवार की सुबह करीब 10 बजे पलामू के हूटार स्थित पंचायत सचिवालय जाने के लिए निकले थे. शमा परवीन वहां सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) चलाती है. बताया जाता है कि दंपति पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के हूटार स्टैंड के समीप पहुंचे तो दो अज्ञात बाइक सवार अपराधी उनका पीछा करना शुरू कर दिया. अपराधियों ने उनकी गाड़ी को धक्का मारकर गिरा दिया और बैग छीनने लगे. दंपति के द्वारा विरोध करने पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि कुल सात राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें दो गोली शमा परवीन को लगी. एक गोली इस्राफील अंसारी के सिर के ऊपर से गुजर गई. इसके बाद भी जब दंपति ने बैग नहीं छोड़ा, तो लूटेरों ने बंदूक के बट से इस्राफील अंसारी के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया. अपनी जान बचाने के लिए दंपति को बैग उन्हें दे दिया. अपराधी करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य जरूरी सामान से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. घायलों को बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, यहां डॉ मंटू कुमार, ड्रेसर बबलू सिन्हा एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने प्राथमिक उपचार किया. गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया गया है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चला रही है.