लातेहार। एक 19 वर्षीय युवती ने आपसी घरेलु विवाद में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. घटना जिले के बरवाडीह प्रखंड के छिपादोहर थाना क्षेत्र के बाघटोला की है. यहां गुरूवार की सुबह 19 वर्षीय युवती सुमिना कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जाता है कि गुरुवार सुबह तकरीबन साढ़े नौ बजे सुमिना कुमारी अपने घर पर थी. उसकी मां ने उसे मोबाइल फोन चलाने से मना किया था. इसे ले कर मां और बेटी में घरेलु विवाद हुआ था. परिजनों के अनुसार मां की डांट से आहत होकर सुमिना गुस्से में घर से बाहर निकल गई. कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने सूचना दी कि उसका शव गांव के समीप स्थित एक कुसुम के पेड़ पर लटका है. ग्रामीणो ने तत्काल इसकी सूचना परिजन व छिपादोहर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर छिपादोहर थाना के सब-इंस्पेक्टर विकाशेंदु त्रिपाठी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर कागजी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया. छिपादोहर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.