लातेहार। लातेहार अंचल क्षेत्र के चंदनडीह ग्राम निवासी बखोरी भुईयां की शनिवार को तपोवन जंगल में मधुमक्खियों के काटने से मौत हो गई थी. घटना के बाद अंचल प्रशासन ने पीड़ित परिवार की सुध ली और सोमवार को परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया. अंचल अधिकारी नंदकुमार राम के निर्देश पर अंचल निरीक्षक विश्वजीत प्रसाद सिंह एवं राजस्व उप निरीक्षक राजू राम मृतक के घर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा परिवार के सदस्यों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. अधिकारियों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में जिला एवं अंचल प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है. सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत परिजनों को हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा. इसी क्रम में प्रशासन की ओर से परिजनों को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया. संबंधित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताओं को पूरा कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया.