लातेहार। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति, लातेहार के तत्वावधान में रविवार को माको डाकबंगला में बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने की. बैठक में झामुमो केंद्रीय उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम मुख्य रूप से मौजूद थे. मंच संचालन जिला सचिव बुद्धेश्वर उरांव ने किया. बैठक में राज्यों के खनिज अधिकारों एवं खनिज संसाधनों से संबंधित कराधान के अधिकारों को प्रभावित करने वाले प्रस्तावित विधेयक और कानूनी प्रावधानों को लेकर पार्टी की स्थिति एवं आगामी रणनीति पर चर्चा किया गया. राज्यसभा सांसद श्री राम ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है. राज्य के खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों एवं उनसे प्राप्त राजस्व का लाभ झारखंड की जनता और विकास कार्यों को मिलना चाहिए. उन्होने कहा कि राज्य के हितों को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रावधान के खिलाफ पार्टी मजबूती से अपनी आवाज उठाएगी. मौके पर केंद्र सरकार एवं संसद के समक्ष झारखंड के हितों को प्रभावी ढंग से रखा जायेगा और आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाया जायेगा. जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता एकजुट होकर झारखंड के अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे.