alok neew
latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
झारखंडबरवाडीहलातेहार

मूसलाधार बारिश में बह गई मुख्य सड़क, मरीजों को खाट पर ले जाने की मजबूरी

बरवाडीह (लातेहार)। प्रखंड के हुकामांड़ पंचायत अंतर्गत मुरू गांव में 13 अगस्त की रात हुई मूसलाधार बारिश ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. बारिश के तेज बहाव में गांव की मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों के समक्ष आवागमन का संकट उत्पन्न हो गया है. सड़क के क्षतिग्रस्त होने से सबसे अधिक परेशानी मरीजों और बुजुर्गों को हो रही है. वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों को खाट पर लादकर जर्जर सड़क तक लाया जाता है, इसके बाद टेंपो या एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाता है. वहीं ग्रामीण सूर्यदेव सिंह, दिलीप पासवान, सतीश यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क का निर्माण हाल ही में कराया गया था. जिस स्थान पर सड़क बारिश के पानी में बह गई, वहां ग्रामीणों ने पहले ही पुलिया निर्माण की मांग की थी. ग्रामीणों के अनुसार, उक्त स्थान पर सड़क के नीचे खेत है और बरसात के दिनों में पूरब दिशा से तेज गति से पानी बहकर पश्चिम दिशा की ओर जाता है. सड़क का निर्माण ऊंचा कर दिए जाने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई और पूरब दिशा में पानी जमा होने लगा. पानी का दबाव बढ़ने के बाद सड़क को काटते हुए दूसरी ओर बह गया.

पुलिया बनती तो नहीं आती ऐसी नौबत

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही संवेदक से कई बार पुलिया निर्माण की मांग की गई थी, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना समुचित जल निकासी की व्यवस्था किए सड़क का निर्माण कर दिया गया, जिसका खामियाजा अब पूरे गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वहां पुलिया का निर्माण कर दिया जाता तो बारिश के पानी का बहाव सुचारू रहता और सड़क नहीं बहती. वहीं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और प्रखंड प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने तथा पानी की निकासी के लिए उक्त स्थान पर स्थायी पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने पर बरसात के दौरान उनकी परेशानी और बढ़ सकती है. खासकर किसी मरीज के गंभीर रूप से बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाएगा.

Mayank Wishwkarma

संवाददाता, शुभम संवाद, बरवाडीह (लातेहार)

Mayank Wishwkarma

संवाददाता, शुभम संवाद, बरवाडीह (लातेहार)

Related Articles

Back to top button