लातेहार। लातेहार विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आगामी नौ मई को प्रखंड कार्यालय परिसर, लातेहार में ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया जायेगा. इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक प्रकाश राम स्वयं उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर मौके पर समाधान सुनिश्चित करेंगे. प्रात: दस बजे से होने वाले इस जनता दरबार में ब्लॉक के सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. आयोजन का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना तथा प्रशासनिक अड़चनों को दूर करना है. कार्यक्रम के दौरान पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण और निवारण किया जाएगा. विधायक प्रकाश राम ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प हुँचकर अपनी समस्याओं को रखें, ताकि त्वरित कार्रवाई के माध्यम से राहत मिल सके. उन्होंने कहा कि आपकी समस्या, हमारा समाधान—समृद्ध लातेहार, हमारा अभियान” के संकल्प के साथ यह पहल की जा रही है, ताकि आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और एक ही स्थान पर समाधान मिल सके. प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त पहल से आयोजित यह जनता दरबार स्थानीय लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जहाँ पारदर्शिता और तत्परता के साथ समस्याओं का निराकरण किया जाएगा.