महुआडांड़ (लातेहार)। झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट का प्रमुख आकर्षण सनसेट प्वाइंट इन दिनों बदहाल स्थिति से गुजर रहा है. पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने और पर्यटन स्थल को विकसित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया निर्माण कार्य पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है. निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण पूरा परिसर अव्यवस्थित नजर आ रहा है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.नेतरहाट का सनसेट प्वाइंट प्राकृतिक सौंदर्य और सूर्यास्त के मनमोहक दृश्य के लिए प्रसिद्ध है. शाम के समय यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और डूबते सूरज के मनोरम दृश्य को देखने के साथ-साथ तस्वीरें भी लेते हैं. लेकिन वर्तमान में अधूरे निर्माण और परिसर की अव्यवस्था के कारण पर्यटन स्थल की रौनक प्रभावित होती दिख रही है.
अधूरा निर्माण बना परेशानी का कारण
स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि पर्यटन विकास के लिए योजनाएं शुरू तो की जाती हैं, लेकिन निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने से उसका अपेक्षित लाभ पर्यटकों को नहीं मिल पाता. सनसेट प्वाइंट पर लंबे समय से काम बंद रहने के कारण निर्माण सामग्री और अधूरे कार्य से परिसर की व्यवस्था प्रभावित हो रही है. पर्यटकों का कहना है कि नेतरहाट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर बुनियादी सुविधाएं बेहतर होनी चाहिए. यहां आने वाले पर्यटकों को निर्माण कार्य कब पूरा होगा और सुविधाएं कब बहाल होंगी, इसकी स्पष्ट जानकारी भी नहीं मिल पा रही है.
पर्यटन कारोबार पर भी पड़ रहा असर
सनसेट प्वाइंट की बदहाल स्थिति का असर स्थानीय पर्यटन कारोबार पर भी पड़ने की बात कही जा रही है. होटल, रेस्टोरेंट, वाहन और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों का कहना है कि नेतरहाट की पहचान उसके प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों से है. ऐसे में प्रमुख पर्यटन स्थल पर लंबे समय तक निर्माण कार्य अधूरा रहना चिंता का विषय है.
समय-सीमा में निर्माण पूरा कराने की मांग
ग्रामीणों, पर्यटकों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सनसेट प्वाइंट के बंद पड़े निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा, साफ-सफाई और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है. लोगों का कहना है कि नेतरहाट को झारखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए अधूरी योजनाओं को समय पर पूरा करना जरूरी है. यदि सनसेट प्वाइंट जैसी महत्वपूर्ण योजना लंबे समय तक अधूरी रही, तो इसका सीधा असर पर्यटकों की सुविधा और क्षेत्र के पर्यटन कारोबार पर पड़ सकता है.
तकनीकि समस्याओं के कारण काम बंद था: रामबिशुन नगेशिया
इस संबंध में नेतरहाट पंचायत के मुखिया रामबिशुन नगेसिया ने बताया कि सनसेट प्वाइंट का निर्माण कार्य बंद था. कुछ तकनीकी समस्या के कारण कार्य अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ था. लेकिन दो दिन पहले निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो गया है और तेजी से काम कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सनसेट प्वाइंट की खूबसूरती भी बढ़ेगी.