लातेहार। समाहरणालय परिसर में सोमवार को भारतीय मजदूर संघ के तत्वावधान में एकदिवसीय धरना दिया गया. धरना को संबोधित करते हुए जिला मंत्री प्रमोद सिंह ने कहा कि मजदूर देश की अर्थव्यवस्था और विकास की रीढ़ हैं, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में श्रमिकों को उचित मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन सहित अन्य अधिकारों का लाभ नहीं मिल पा रहा है. उन्होने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी कर इसे 7,500 प्रतिमाह करने, इपीएफ व इएसआईसी एवं बोनस की कवरेज सीमा बढ़ाने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा ग्रेच्युटी की गणना 15 दिन के वेतन के बजाय 30 दिन के वेतन के आधार पर करने की मांग शामिल है.
इसके अलावा कर्मचारी व अनुबंध कर्मियों को समान काम के बदले समान वेतन लागू करने की मांग की गई. संघ ने आंगनबाड़ी, आशा, मिड-डे मील, एनएचएम सहित सभी स्कीम वर्करों के मानदेय में वृद्धि, बैंकों में सप्ताह में पांच दिन कार्य व्यवस्था लागू करने तथा मजदूर विरोधी प्रावधानों में आवश्यक संशोधन की मांग भी उठाई. इसके अलावा हैवी इंजीनियरिंग कंपनी रांची एवं आठ राज्यों की 23 नेशनल टेक्सटाइल मिलों के श्रमिकों के लंबित मामलों का समाधान करने, एलआइसी के डेवलपमेंट ऑफिसरों को नौकरी की सुरक्षा, सभी उद्योगों एवं लघु उद्योगों में न्यूनतम वेतन लागू करने, कोल माइंस में जमीन के गलत तरीके से कब्जे के मामलों में जमीन मालिकों को उचित मुआवजा व नौकरी देने, वर्ष 2017 तक की ऑफलाइन रसीदों को ऑनलाइन करने का आदेश देने तथा 108 एंबुलेंस चालकों की बकाया मजदूरी का भुगतान एवं खराब एंबुलेंसों की मरम्मत कराने की मांग की गयी. धरना में कुमार गणेश सिंह, करुणा कुमारी शाह, चंदन कुमार, बादल, ललिता देवी, सुनीता देवी, वीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में मजदूर एवं संघ के सदस्य मौजूद रहे.