लातेहार। मंगलवारीय जन शिकायत निवारण में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सदर प्रखंड हेठपोचरा ग्राम के एक कैंसर पीड़ित को नियमानुसार आर्थिक मदद करने का निर्देश दिया है. दरअसल मंगलवार का आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण में सदर प्रखंड के हेठपोचरा ग्राम निवासी ओमप्रकाश राम ने उपायुक्त को एक आवेदन दिया. उन्होने बताया कि वह गंभीर कैंसर से पीड़ित हैं, उनका इलाज टाटा कैंसर हॉस्पिटल में चल रहा है. उन्होने उपायुक्त से आर्थिक मदद करने की गुहार लगायी.
Advertisement
इस पर उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारी आवेदन अग्रसारित कर सरकारी नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साप्ताहिक जन शिकायत निवारण में टाना भगतों ने भी अपनी समस्याओं को रखा और उसका समाधान करने की मांग उपायुक्त से की. इसके अलावा जन शिकायत निवारण में भूमि अधिग्रहण, जमीन विवाद व मुआवजा से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए. उपायुक्त ने समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित कर सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया.
Advertisement
उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण में आये ग्रामीणों को कहा कि उनके आवदनों की जांच करा कर समस्याओं का समाधान किया जायेगा. बता दें कि आम लोगों समस्याओं के समाधान और शिकायत के निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तरीय के सभी पदाधिकारियों के कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार एंव शुक्रवार को जन शिकायत निवारण का आयोजन किया जाता है.