बालूमाथ (लातेहार)। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब एक किलो तीन सौ ग्राम अफीम के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकलेश कुमार यादव 23 वर्ष, पिता नन्हक यादव, ग्राम बीदरा, थाना पिपराटांड़, जिला पलामू तथा हरेंद्र कुमार यादव 23 वर्ष, पिता रामनंदन यादव, ग्राम तितलंगी, थाना पिपराटांड़, जिला पलामू के रूप में हुई है. बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, कि रांची से दो व्यक्ति बैग में अफीम लेकर बस बदल बदलकर चतरा की ओर जाने वाले हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने मुरपा मोड़ के समीप संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी शुरू की. पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे. इसके बाद पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से एक किलो तीन सौ ग्राम अफीम बरामद हुई. पुलिस के अनुसार इस मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 101/26 के तहत धारा 17(b)/18(b)/22/29 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है, और दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी अभियान में बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा, मुरपा पिकेट प्रभारी होसेन डांग सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे.