‘जल, जंगल, जमीन हमारा है’, ‘कंपनी वापस जाओ’ के नारों से गूंजा चकला गांव.
बालूमाथ (लातेहार):- बालूमाथ प्रखंड में स्थित चितरपुर कोल ब्लॉक रिवाइज्ड कोल माइंस जिसका स्वामित्व रश्मि ग्रुप के अंतर्गत ओडिशा एलायंस स्टील प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित है के लिए भूमि अर्जन की कार्रवाई के उद्देश्य से चंदवा प्रखंड के चकला में सोमवार को आयोजित ग्रामसभा की जानकारी मिलते ही स्थानीय विस्थापित एवं प्रभावित ग्रामीणों ने ग्रामसभा के विरोध में चकला पहुंच कर अपना विरोध दर्ज कराया. ज्ञात हो कि चितरपुर कोल परियोजना में चंदवा प्रखंड अंतर्गत चकला पंचायत के कई गांव शामिल हैं. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां लेकर “जल, जंगल, जमीन हमारा है”, “खनन कंपनी वापस जाओ”, “ग्राम सभा का उल्लंघन करना बंद करो”, “ओडिशा इस्पात एलॉयज लिमिटेड कंपनी मुर्दाबाद” तथा “किसी भी कीमत पर जमीन नहीं देंगे” जैसे नारे लगाए. प्रदर्शन में चितरपुर, चकला, बरवाटोली, भुकुटोला सहित आसपास के प्रभावित गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए. ग्रामीणों ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन देने के पक्ष में नहीं हैं. ग्रामीणों का कहना था कि जमीन केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि उनकी रोजी रोटी, पहचान और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है. ग्रामीणों के विरोध के बीच कार्यक्रम स्थल पर ग्रामसभा के लिए कंपनी या प्रशासन का कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा. जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई. ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि उनकी सहमति के बिना भूमि अर्जन की किसी भी कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देने का संकल्प दोहराया.