महुआडांड़(लातेहार)। प्रखंड के अक्सी पंचायत के ग्राम बंदुआ से गोयरा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. ग्रामीण कार्य विभाग ( RWD) के संवेदक एके एंंड आरके वेंचर्स के द्वारा तकरीबन तीन करोड़ 32 लाख की लागत से इस सड़क निर्माण कराया जा रहा है. सड़क निर्माण में नदी पर पुल का निर्माण भी कराया जा रहा है.
Advertisement
लेकिन हैरानी यह है कि चार सालों में भी इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा सका. इसे ले कर ग्रामीणों मे खासा आक्रोश है. ग्रामीण अब गोलबंद हो कर आंदोलन के मूड में हैं. हालांकि पुल का निर्माण तो हुआ लेकिन एप्रोच पथ को अब तक पूर्ण नही किया जा सका. बता दें कि पंचायत अक्सी के गोयरा गांव में सड़क नहीं थी. ग्रामीण वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे. जब सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ तो ग्रामीणों को लगा कि अब उन्हें आवागमन में सुविधा होगी. लेकिन ग्रामीणों की उम्मीद धरी की धरी रह गयी. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण में कई ग्रामीणों की खेती योग्य भूमि का भी अधिग्रहण किया गया है. कार्य के प्रारंभ में ग्रामीणों ने विरोध करते हुए निर्माण कार्य रोक दिया था. जानकारी के अनुसार बिना मुआवजे के भुगतान के लिए कार्य शुरू कर दिया गया था. ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक के द्वारा मनमाने तरीके एवं घटिया निर्माण कार्य किया कराया गया है. गुणवत्ता का कहीं ध्यान नहीं रखा गया है. प्राक्कलन अनुसार काम नहीं कराया गया है. घटिया सरिया और अन्य निर्माण सामग्रियां लगायी गयी है. पिछले एक साल से काम बंद है. ग्रामीणों ने उपायुक्त से इस दिशा में पहल कर सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है.