लातेहार
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकानों का निरीक्षण किया

लातेहार। महुआडांड़ प्रखंड के स्थानीय बाजार में चीनी में प्लास्टिक जैसी चीज मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग तथा राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कोषांग लातेहार के द्वारा नौ मई को संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण सह विशेष छापामारी अभियान चलाया गया. इस अभियान में मे अरूण किराना एण्ड जेनेरल स्टोर, मे अशीष मार्ट एण्ड जेनेरल स्टोर, मे मंटू प्रसाद किराना दुकान, मे प्रसाद किराना स्टोर इत्यादि का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के क्रम में प्रथम दृष्टि में चीनी में किसी प्रकार की प्लास्टिक की मिलावट का पता नहीं चला. इसकी रासायनिक जांच हेतु उक्त सारे प्रतिष्ठानों से चीनी का नमूना संग्रह किया गया. इसको रांची स्थित राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जायेगा. अग्रेतर कार्रवाई खाद्य विश्लेषक द्वारा प्रेषित जांच प्रतिवेदन के आधार पर की जाएगी. बस स्टैण्ड स्थित मे आदित्य स्टोर के द्वारा सार्वजनिक स्थान पर तम्बाकू उत्पाद बेचते हुए पाये गये. उन पर कोटपा एक्ट के तहत 200 रूपया का अर्थ दण्ड किया गया और दोबारा नियमों की अनदेखी नहीं करने की सख्त ताकिद की गई. बस स्टैण्ड स्थित विभिन्न जेनरल स्टोर का निरीक्षण कर एक्सपायरी उत्पाद विशेषकर पेय पदार्थ तथा अन्य दस्तावेजों की जांच की गई. मीट मूर्गा विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा अधिनियम की जानकारी देते हुए सक्ष्म प्राधिकार से फूड लाईसेंस प्राप्त करने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा कचड़ा का सही निष्पादन हेतु निदेशित किया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया की इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा. दोबारा औचक निरीक्षण में सुधार नहीं पाये जाने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी. जांच के क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोईन अख्तर, जिला परामर्शी नागेन्द्र कुमार, खाद्य सुरक्षा कार्यालय से शहनाज खातून मौजूद थी.



