लातेहार
राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से हर वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा: सांसद
10 मई से लातेहार में हुआ राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन का साप्ताहिक ठहराव


लातेहार। 10 मई का दिन लातेहार के लिए खास है. खास इस मायने में कि आज से रांची- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ( 12453-54) का साप्ताहिक ठहराव लातेहार रेलवे स्टेशन में हो गया है. शायद ही कभी यह किसी ने सोचा होगा कि लातेहार में कभी राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव होगा. अलग जिला बनने के बाद यह लातेहार के लिए एक सबसे बड़ी उपलिब्ध है. लेकिन यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कारण संभव हो पाया. उक्त बातें चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने 10 मई को लातेहार रेलवे स्टेशन में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही.
उन्होने कहा कि इस ट्रेन का लातेहार मे ठहराव होने से समाज के हर वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा, चाहे वह व्यवसायी वर्ग हो या फिर छात्र हो. सबो को इसका लाभ मिलेगा. उन्होने कहा कि अन्य कई ट्रेनों के लातेहार मे ठहराव के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है. शीघ्र ही अन्य कई ट्रेनो का भी लातेहार मे ठहराव होगा. राजधानी एक्सप्रेस लातेहार पहुंचने पर सांसद श्री सिंह एवंं अन्य लोगों ने लोको पायलट का माल्यापर्ण एवं मुंह मीठा कराया और हरी झंडी दिखा कर लातेहार से रवाना किया.
मौके पर सरयु प्रसाद सिंह, जयप्रकाश महलका, जिप अध्यक्ष पूनम देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन, भाजपा जिला अध्यक्ष बंशी यादव, पंकज कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि अमलेश कुमार सिंह व डा चंदन सिंह, छोटू राजा, रामदेव सिंह, राजन तिवारी, ध्रुव पांडेय, विष्णु देव प्रसाद, मुकेश पांडेय, मोती सोनी, प्रमोद प्रसाद, राजू रंजन प्रसाद, विवेद चंद्रवंशी, विवेकानंद प्रसाद, नंदलाल प्रसाद, राजेंद्र पासवान, आजाद खान आदि मौजूद थे. 